उपयोग की शर्तें
Read in EnglishLekhya इस्तेमाल करते समय ये शर्तें लागू होती हैं। इन्हें पढ़ने लायक़ रखा गया है, झेलने लायक़ नहीं। कुछ समझ न आए तो हमें लिखें — पता नीचे है।
1. Lekhya क्या है
Lekhya एक निजी वित्त ऐप है जो पूरी तरह आपके फ़ोन पर चलता है। यह उसी पैसे का हिसाब रखता है जो आप उसे बताते हैं — फ़ोन पर आए भुगतान अलर्ट पढ़कर, आपके शेयर या कॉपी किए मैसेज को समझकर, या आपके ख़ुद दर्ज करने से — और आपको ख़र्च देखने-समझने में मदद करता है।
Lekhya आपके बैंक से नहीं जुड़ता। यह न पैसा भेजता है, न रखता है, न कोई लेनदेन करता है। आपके किसी खाते तक इसकी पहुँच नहीं है। यह सिर्फ़ वही नोटिफ़िकेशन और मैसेज पढ़ता है जो पहले से आपके फ़ोन पर हैं।
2. Lekhya वित्तीय सलाह नहीं है
Lekhya जो कुछ दिखाता है — बजट, अनुमान, जानकारी, कुल संपत्ति, आपके निवेश पर रिटर्न — वह आपके ही दिए आँकड़ों पर किया गया गणित है। यह जानकारी है, सलाह नहीं।
Lekhya किसी निवेश, उत्पाद, फंड, शेयर, जमा या संस्था की सिफ़ारिश नहीं करता, और कभी नहीं करेगा। इसमें कोई भाव-फ़ीड नहीं है: ऐप में हर दर, NAV और मौजूदा क़ीमत वही है जो आपने ख़ुद डाली, और वह उतनी ही ताज़ा है जितनी आपने आख़िरी बार की। कोई वित्तीय निर्णय लेने से पहले किसी योग्य सलाहकार से बात करें।
3. अपने-आप दर्ज होने की सटीकता
Lekhya भुगतान अलर्ट को उन पैटर्न से पढ़ता है जो भारतीय बैंक और UPI मैसेज के आम प्रारूप पहचानते हैं। बैंक बिना बताए अपने शब्द बदल देते हैं, और कुछ प्रारूप स्पष्ट नहीं होते। इसलिए स्वतः दर्ज होना एक सुविधा है, गारंटी नहीं:
- कोई भुगतान छूट सकता है, दो बार दर्ज हो सकता है, या ग़लत दुकान, रक़म या श्रेणी के साथ दर्ज हो सकता है।
- हर प्रविष्टि बदली जा सकती है, और Lekhya के आँकड़ों को अपना कामचलाऊ रिकॉर्ड मानें — खाते का विवरण नहीं।
- आपने असल में कितना ख़र्च किया, इसका प्रमाण आपके बैंक का स्टेटमेंट है। जहाँ Lekhya और आपका बैंक अलग कहें, वहाँ बैंक सही है।
4. बैकअप और आपका पासफ़्रेज़
अगर आप बैकअप का पासफ़्रेज़ भूल गए, तो वह बैकअप हमेशा के लिए चला गया।
.lkh बैकअप उसी पासफ़्रेज़ से बनी चाबी से एन्क्रिप्ट होता है जो आपने चुना।
वह पासफ़्रेज़ कहीं संग्रहित नहीं होता — न ऐप में, न आपके फ़ोन में, और हमारे पास तो
बिल्कुल नहीं। इसीलिए यह फ़ाइल क्लाउड में रखना या ख़ुद को ईमेल करना सुरक्षित है।
इसका मतलब यह भी है कि न कोई रीसेट लिंक है, न कोई सुरक्षा सवाल, न कोई सहायता अनुरोध जो उसे खोल सके। हम मदद नहीं कर सकते। कोई नहीं कर सकता। कृपया अपना पासफ़्रेज़ लिखकर किसी सुरक्षित जगह रखें।
बैकअप लेना आपकी ज़िम्मेदारी है। ऐप अनइंस्टॉल करने, फ़ोन रीसेट करने या फ़ोन खो जाने पर, अगर आपने निर्यात नहीं किया है तो आपका डेटा चला जाएगा। Lekhya बैकअप की याद दिलाता है, पर आपके लिए बैकअप ले नहीं सकता — उसके पास कॉपी रखने की कोई जगह ही नहीं है।
5. Lekhya Pro, टिप और भुगतान
- Lekhya Pro की क़ीमत ₹249 है। यह एक बार की ख़रीद है, सब्सक्रिप्शन नहीं। कुछ भी हर महीने नहीं कटता, कुछ रद्द नहीं करना पड़ता, कोई नवीनीकरण नहीं। एक बार दें, हमेशा के लिए रखें।
- इंस्टॉल के बाद 7 दिन तक हर सुविधा मुफ़्त — न कार्ड, न साइन-अप, न कुछ रद्द करने की चिंता। ट्रायल ख़त्म होने पर ऐप चलता रहता है; बस Pro वाली सुविधाएँ ख़रीद तक रुक जाती हैं।
- वैकल्पिक टिप ("चाय पिला दीजिए", ₹99) से कुछ अनलॉक नहीं होता। यह सिर्फ़ धन्यवाद है, और आप जितनी बार चाहें दे सकते हैं।
- सारे भुगतान Google Play या Apple App Store से होते हैं। हम आपका कार्ड या बिलिंग विवरण कभी नहीं देखते।
- रिफ़ंड उसी स्टोर से होता है जहाँ से आपने ख़रीदा, उसकी नीति के तहत — हमसे नहीं, क्योंकि पैसा सीधे हमें मिला ही नहीं। कृपया Google Play या Apple सहायता से संपर्क करें। अगर समस्या ऐसी है जिसे हम ठीक कर सकते हैं, तो पहले हमें लिखें — हम कोशिश करेंगे।
- आपकी ख़रीद आपके Google या Apple खाते से जुड़ी होती है। ऐप दोबारा इंस्टॉल करके "ख़रीद वापस लाएँ" से Pro बिना किसी शुल्क के लौट आता है।
- अगर क़ीमत कभी बदली, तो जिन्होंने पहले ख़रीद लिया है उनके लिए नहीं बदलेगी।
6. आप Lekhya कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं
आप Lekhya को अपने या अपने नियंत्रण वाले फ़ोन पर, निजी उपयोग के लिए इंस्टॉल और इस्तेमाल कर सकते हैं। कृपया इसे दोबारा बेचने, बदली हुई कॉपी बाँटने, या Pro ख़रीद से बचने की कोशिश न करें।
Lekhya का क़ानूनी उपयोग और आपके दर्ज किए आँकड़ों की सटीकता आपकी ज़िम्मेदारी है।
7. कोई वारंटी नहीं
Lekhya "जैसा है वैसा" दिया जाता है। हमने इसे ध्यान से परखा है और ख़ुद इस्तेमाल करते हैं, पर हम यह वादा नहीं कर सकते कि यह कभी नहीं रुकेगा, इसमें कोई त्रुटि नहीं होगी, या यह आपके किसी ख़ास उद्देश्य के लिए उपयुक्त होगा।
8. दायित्व की सीमा
क़ानून जहाँ तक अनुमति देता है, Lekhya के उपयोग से होने वाले अप्रत्यक्ष या परिणामी नुक़सान के लिए हम ज़िम्मेदार नहीं हैं — जिसमें डेटा का जाना, कोई भुगतान छूट जाना, या ऐप में दिखे आँकड़ों के आधार पर लिया गया कोई वित्तीय निर्णय शामिल है।
इन शर्तों में कुछ भी उस दायित्व को सीमित नहीं करता जिसे क़ानूनन सीमित नहीं किया जा सकता, और न ही भारतीय क़ानून के तहत उपभोक्ता के रूप में आपके अधिकारों को प्रभावित करता है।
9. शर्तों में बदलाव
शर्तें बदलने पर हम ऊपर संस्करण और तारीख़ बदल देंगे। बदलाव के बाद Lekhya इस्तेमाल करते रहना इसका मतलब है कि आपको संशोधित शर्तें मंज़ूर हैं। बड़े बदलाव ऐप के रिलीज़ नोट्स में भी बताए जाएँगे।
10. लागू क़ानून
ये शर्तें भारत के क़ानूनों से संचालित होती हैं। इनसे उत्पन्न किसी भी विवाद पर पुणे, महाराष्ट्र के न्यायालयों का विशेष क्षेत्राधिकार होगा।
11. संपर्क
Lekhya · भारत में बनाया गया · होम · निजता · सहायता · डेटा सुरक्षा · सुरक्षा